नई दिल्ली। देश के विनिर्माण क्षेत्र में 12.3 फीसदी की दर से हुई वृद्धि के सहारे मई में औद्योगिक उत्पादन में 11.5 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के अनुसार ऊर्जा उत्पादन में 6.4 फीसदी और खनन क्षेत्र में 8.7 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।
चालू वित्त वर्ष के पहले दो महीनों में सामान्य सूचकांक में 10.14 फीसदी की तेजी देखी गई जबकि इस दौरान विनिर्माण क्षेत्र में 15.1 फीसदी का इजाफा हुआ। खनन और बिजली सूचकांक में क्रमश: 10.2 फीसदी और 6.6 फीसदी की वृद्धि देखी गई। महंगाई पर लगाम लगाने के उद्देश्य से बाजार से तरलता सोखने के लिए 27 जुलाई को होने वाली मौद्रिक नीति की समीक्षा से पहले इस महीने के शुरू में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने लघु अवधि के लिए दिए जाने वाले कर्ज के ब्याज पर 0.25 फीसदी का इजाफा कर दिया है। इन नतीजों पर हालांकि आरबीआई के इस निर्णय का फर्क नहीं प़डा है।
मौद्रिक नीतियों को सख्त बनाने के लिए इस साल तीसरी बार आरबीआई ने ब्याज दरों में बढ़ोतरी की है। इस माह की शुरूआत से पहले 29 जून और 19 मार्च को भी ब्याज दरों को बढ़ाने का निर्णय लिया जा चुका है।
भारत समाचार
मई में औद्योगिक उत्पादन 11.5 फीसदी बढ़ा





















