अहमदाबाद। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के पहले मुकाबले में गुरूवार को वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रवि़ड की शतकीय पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने दो विकेट पर 308 रन बना लिए थे।
इस बीच सहवाग 173 रनों के निजी स्कोर पर पेवेलियन लौट गए। मोटेरा के सरदार पटेल स्टेडियम में खेल के पहले दोनों सत्र सहवाग के नाम रहे। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सहवाग और गौतम गम्भीर ने टीम को अच्छी शुरूआत दी लेकिन गम्भीर यहां लम्बी पारी खेलने में विफल रहे। वह जेसी राइडर की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने 21 रन बनाए और सहवाग के साथ पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। गम्भीर के आउट होने के बाद सहवाग ने द्रवि़ड के साथ मिलकर पारी का आगे बढ़ाया।
भोजनकाल तक दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी कर ली। इस बीच सहवाग ने पहले अर्धशतक और फिर चौका लगाकर शतक जड दिया। उनके टेस्ट करियर का 22वां शतक है। भोजनकाल के बाद सहवाग ने 150 का आंक़डा पार कर लिया। इस बीच द्रवि़ड ने अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर शतक पूरा किया। उनके टेस्ट करियर का 30वां शतक है। यह मैच उनके लिए एक अन्य मायने भी खास है। इस मैच में दो कैच लपकते द्रवि़ड के टेस्ट मैचों में 200 कैच हो जाएंगे। अब तक 198 कैच लपक चुके हैं।
भारतीय टीम को सहवाग के रूप में दूसरा झटका लगा। वह कीवी कप्तान डेनियल विटोरी की फिरकी से चकमा खा गए और क्लीन बोल्ड हो गए। उन्होंने 199 गेंदों पर 173 रन बनाए। उनकी इस पारी में 24 चौके एक और छक्का शामिल था। द्रवि़ड 101 और मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर दो रन बनाकर नाबाद थे। यह मैच तेंदुलकर के लिए बेहद खास है। इस वर्ष नौ टेस्ट मैचों में 1270 रन बना चुके तेंदुलकर शतकों के अर्धशतक से एक कदम दूर हैं।
तेंदुलकर ने इस वर्ष छह शतक लगाए हैं। ऎसे में मोटेरा में उनसे एक और शतक की आस होगी। कीवी कप्तान विटोरी के लिए भी यह मैच विशेष है। इसमें 38 रन बनाने के साथ ही उनके टेस्ट मैचों में 4,000 रन पूरे हो जाएंगे। 4,000 से अधिक रन बनाने और 300 विकेट लेने वाले वह दुनिया के तीसरे हरफनमौला क्रिकेटर बन जाएंगे। उनसे पहले इंग्लैंड के इयॉन बॉथम और भारत के कपिल देव यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
भारत समाचार
अहमदाबाद टेस्ट : द्रवि़ड का 30वां शतक, सहवाग आउट





















