मुंबई। आईपीएल की फ्रेंचाइजी टीमें अगले वर्ष खेले जाने वाले आईपीएल-4 के लिए चार खिलाडियों को अपने साथ रख सकती हैं। शेष खिलाडियों के लिए इस वर्ष नवंबर में बोली लगाई जाएगी।
मुंबई में रविवार को आयोजित आईपीएल की कार्यकारिणी की बैठक में इस बात का फैसला किया गया। आईपीएल-4 में कुल 10 टीमों को हिस्सा लेना है। आईपीएल-3 में आठ टीमों ने हिस्सा लिया था जबकि अगले वर्ष इस आयोजन में कोच्चाी और पुणे फ्रेंचाइजी टीमें भी हिस्सा लेंगी। आईपीएल-4 का आयोजन फरवरी-मार्च में भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप (50 ओवर) के पांच दिन के बाद शुरू होगा।
आईपीएल-4 का फाइनल दो अप्रैल को खेला जाएगा जबकि इसके अंतर्गत कुल 74 मैच खेले जाएंगे। आईपीएल के अंतरिम चेयरमैन चिरायु अमीन ने कहा, कुल मिलाकर 74 मैच होंगे। वहीं आईपीएल से जुडे एक सूत्र ने बताया कि हर टीम के हिस्से कम से कम सात मैच आएंगे। इस बात के भी संकेत है कि शुरूआती दौर में टीमों को दो हिस्सों में बांटा जाएगा।
पिछले सीजन तक टूर्नामेंट में आठ टीमें थी, जिन्होंने लीग चरण में 56 मैच खेले। इनमें अपने और दूसरे मैदानों पर खेले जाने वाले मैच शामिल है। इसके बाद दो सेमीफाइनल, एक मैच तीसरे-चौथे स्थान के लिए और फिर फाइनल हुआ। इस तरह कुल मैचों की संख्या 60 रही। अब आईपीएल में दो और टीमें शामिल होने जा रही है जिसमें सहारा वॉरियर ऑफ पुणे और एक कोच्चि टीम होगी जिसका नाम अभी तय नहीं किया गया है। अब तक के फॉर्मेट के हिसाब से देखे तो 94 मैच बनते है लेकिन काउंसिल के सदस्य इसे सही नहीं मानते।
आईपीएल-4 की नीलामी में शामिल होने के लिए टीमों को 90 लाख डॉलर की सुरक्षित राशि खर्च करने की इजाजत दी गई है जबकि आईपीएल-3 के लिए यह राशि 70 लाख डॉलर थी।
भारत समाचार
आईपीएल के प्रत्येक सत्र में 74 मैच, 4 खिलाडियों को अपने साथ रख सकेंगी टीमें





















