नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों से जु़डे भ्रष्टाचार के मामले में आरोपों से घिरे सुरेश कलमाडी ने कांग्रेस अलाकमान के कहने पर कांग्रेस संसदीय पार्टी (सीपीपी) के सचिव पद से इस्तीफा दे दिया है।
कांग्रेस से जु़डे सूत्रों ने बताया कि कलमाडी से कहा गया था कि वह मंगलवार से आरंभ हुए संसद के शीतकालीन सत्र से पहले इस्तीफा दे दें। विपक्ष ने राष्ट्रमंडल खेलों में भ्रष्टाचार को लेकर संसद में हंगामे की योजना बनाई थी। कलमाडी भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष हैं और वह राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के भी प्रमुख हैं।
पार्टी प्रवक्ता जयंती नटराजन ने एक समाचार चैनल को बताया, ""कलमाडी ने इस्तीफे की पेशकश की थी। उनके इस्तीफे को कांग्रेस से जो़डकर नहीं देखा जाना चाहिए।"" राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में भ्रष्टाचार की बात सामने आने के बाद केंद्र सरकार की ओर से पहले ही जांच कराई जा रही है। खेलों का आयोजन नई दिल्ली में इसी वर्ष तीन से 14 अक्टूबर के बीच हुआ था।
भारत समाचार
कांग्रेस संसदीय पार्टी से कलमाडी की छुट्टी





















