बेंगलुरू। आयकर अधिकारियों ने सोमवार को कर्नाटक में करीब 60 स्थानों पर छापे मारे। इनमें खास निशाना दो मंत्री जनार्दन रेड्डी और जी करूणाकर रेड्डी सहित सात भाजपा विधायकों को बनाया गया है।
आयकर सूत्रों के मुताबिक विभाग ने 60 से 65 स्थानों पर छापे मारे हैं जो मुख्य तौर पर बेंगलुरू और बेलारी जिलों में स्थित हैं। आयकर विभाग की यह कार्रवाई भाजपा और विपक्ष द्वारा विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों की चलते की गई है।
सूत्रों ने बताया कि खनन किंग रेड्डी बंधुओं और उनके नजदीकी सहयोगियों और मंत्री श्रीरामुलु सहित सात विधायकों के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापे मारे गए हैं। कुछ खनन कंपनियां पर भी छापे मारे गए हैं। उन्होंने बताया कि बेंगलुरू और बेल्लारी के साथ होस्पेट जिले में छापे मारे गए हैं। गौरतलब है कि सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस और जद-एस की ओर से अपने-अपने विधायकों को अपनी तरफ मिलाने के लिए खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए जा रहे थे। इस दौरान विपक्ष ने अपने चार विधायक गंवा दिए, जिन्होंने अपनी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। इस पर कांग्रेस और जद-एस ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि उसने 224 सदस्यीय विधानसभा में अपना बहुमत बनाने के लिए ऎसा कराया है। गौरतलब है कि ग्यारह भाजपा विधायक बागी हो गए थे जबकि पांच निर्दलीयों ने येदियुरप्पा सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। बाद में विधानसभा अध्यक्ष ने इन सभी को अयोग्य घोषित कर दिया था। राजनीतिक आलोचक इसे येदियुरप्पा का विधानसभा में दूसरी बार बहुमत साबित करने के लिए अपानाया जा रहा हथकंडा मान रहे हैं। हालांकि उन्होंने पहली बार विश्वास मत प्राप्त कर लिया था, लेकिन राज्यापाल ने उन्हें दोबारा विश्वास मत प्राप्त करने का निर्देश दिया है।
भारत समाचार
कनार्टक : रेड्डी बंधुओं सहित सात विधायकों पर आयकर छापे





















