नई दिल्ली। अप्रैल में देश की सबसे ब़डी कार निर्माता कंपनी मारूति सुजूकी की कारों की बिक्री अप्रैल 2009 के मुकाबले 30 प्रतिशत बढ़कर 93,058 कारों की बिक्री तक पहुंच गई।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि अप्रैल 2009 में कंपनी ने 71,748 कारें बेची थीं। पिछले महीने कंपनी के निर्यात में 89 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कंपनी की बिक्री में यह बढ़ोतरी नए उत्सर्जन नियमों के लागू होने और उत्पादन लागत में बढ़ोतरी होने से 2 अप्रैल को कारों की कीमतों में 10,000 रूपए तक की मूल्यवृद्धि के बावजूद हुई है। अप्रैल 2009 की तुलना में छोटी कारों आल्टो, वेगन-आर, स्विफ्ट, जेन, रिट्ज और ए-स्टार की बिक्री 20.5 प्रतिशत बढ़कर 56,416 कारें हो गई। मध्यम आकार की कारों एसएक्स4 और डिजायर की बिक्री 41.4 प्रतिशत बढ़कर 9,994 कारें हो गई। ब़डी कारों की बिक्री में भी 21.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है लेकिन मारूति 800 की बिक्री में 3.7 प्रतिशत की गिरावट आई है। कंपनी अब मारूति 800 की बिक्री बंद करने जा रही है।





















