नई दिल्ली। भारतीय कार बाजार की प्रमुख कंपनी मारूति सुजुकी ने अगस्त में अब तक की सर्वाधिक मासिक बिक्री की। कंपनी ने इस दौरान 1,04,791 कारें बेची हैं जो कि पिछले साल के इसी महीने की बिक्री 84,808 कारों से 23.6 प्रतिशत ज्यादा हैं।
कंपनी के मुताबिक इस महीने घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री 32.5 प्रतिशत बढ़कर 92,674 कारें हो गई जो कि पिछले साल के अगस्त में 69,961 कारें थी। कंपनी ने अपने एक बयान में कहा, ""यह एक महीने में कंपनी की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है।"" कंपनी ने अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाकर 50 प्रतिशत करने के लिए आक्रामक विपणन नीति अपनाई है। कंपनी ने हाल ही में घरेलू बाजार में अल्टो-के10 समेत छह कारें बाजार में उतारी हैं और विभिन्न सेगमेंट की कारों के लिए सीएनजी आधारित मॉडल बाजार में उतारे हैं। एक ओर जहां घरेलू बाजार में बिक्री में जोरदार तेजी आई है वहीं निर्यात में 18.4 प्रतिशत की कमी आई है। कंपनी की कारों का निर्यात पिछले साल के अगस्त के 14,847 कारों के निर्यात से घटकर 12,117 कारें हो गया है। कंपनी ने कहा कि उसकी ए-2 सेगमेंट की कारों अल्टो, वेगन-आर, जेन, स्विफ्ट, रिट्ज और ए-स्टार की बिक्री 25.7 प्रतिशत बढ़ी है।





















