कराची। पाकिस्तान की वनडे टीम के कप्तान शाहिद आफरीदी और कोच वकार यूनुस ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के उस फैसले पर खुशी जाहिर की है जिसमें टीम को स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों से बरी कर दिया है।
आईसीसी ने कहा कि पाकिस्तान और इंग्लैड के बीच 17 सितंबर को खेले गए वनडे मैच में भ्रष्टाचार के कोई सबूत नहीं मिल है। पाकिस्तान पर इंग्लैड में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगे थे। हालांकि इस मैच की जांच लॉर्ड पर खेले गए उस मैच की जांच से अलग है जिसमें पाकिस्तान के तीन खिलाडियों पर पैसे लेकर नो बॉल फेंकने के आरोप लगे। इस आरोपों के बाद टेस्ट टीम के तत्कालीन कप्तान सलमान बट सहित तीनों खिलाडियों को निलंबित कर दिया गया। टीम के आरोपों से बरी होने पर आफरीदी ने कहा कि मैं इस खबर को सुनकर बहुत खुश हूं। मुझे हमेशा यह भरोसा था कि मेरे खिलाडी ऎसा काम नहीं करेंगे। मैंने हमेशा अपने खिलाडियों को खेल पर ध्यान लगाने के लिए कहा है और इंग्लैड में वे यही कर रहे थे। टीम के कोच वकार यूनुस ने भी इस खबर पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए अच्छी खबर है। मैं दिल से उम्मीद करता हूं कि स्पॉट फिक्सिंग के सारे मामले जल्दी हल हो जाएं क्योकि इन्होंने पाकिस्तान की छवि को बहुत नुकसान पहुंचाया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के कानुनी सलाहकार तफ्फजुल रिजवी ने कहा कि आईसीसी का यह फैसला एक सकारात्मक कदम है। हालांकि उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई करने के बारे में फैसला लॉड्र्स के स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों पर फैसला आने के बाद किया जाएगा।
भारत समाचार
स्पॉट फिक्सिंग आरोपों से बरी होकर पाक खुश





















