भारत समाचार
कलाई का दर्द सानिया को भारी पडा

सानिया को पूरा भरोसा है कि वह अमेरीकी ओपन में एकल और युगल स्पर्घा में खेलेगी। लेकिन हो सकता है कि वह मिश्रित युगल में भाग नहीं ले। इस पर हालांकि अंतिम फैसला टूर्नामेंट के दौरान ही किया जायेगा। यह दर्द उस समय उभरा है जब सानिया के पास इस वर्ष ग्रैड स्लैम की एकल स्पर्घा में खराब प्रदर्शन की निराशा को दूर करने का मौका था। अपने बचपन के दोस्त सोहराब मिर्जा से सगाई के बाद सानिया ने जुलाई में लेक्जिंगटन आईटीएफ चैलेजर टूर्नामेंट में जीत से हार्डकोर्ट सत्र की तैयारियां शुरू कर दी थी।
सानिया अपनी शानदान फार्म के बूते अगले टूर्नामेंट वैकुवर में फाइनल में पहुंचने में सफल रही, लेकिन उनकी कलाई ने दोबारा उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया। उनके पिता ने कहा कि वैकुवर में सेमीफाइनल मैच में सानिया को दर्द महसूस हुआ था। हर मैच के बाद वह और तेज होता गया। हमने सोचा था कि उसे अमेरीकी ओपन से पहले आराम और उपचार की जरूरत है।
सानिया के पिता इमरान ने कहा कि अब वह पहले से बेहतर है लेकिन दर्द पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। वह हार्ड कोर्ट पर जैसा प्रदर्शन कर रही है, उसे पूरा भरोसा है कि कलाई उसके लिये समस्या नहीं बनेगी। सानिया ने इटली की फ्रांसेस्का शियावोन के साथ जोडी बनाकर सिनसिनाटी ओपन की युगल स्पर्घा में भाग लिया था। इससे पहले उन्होंने टोरंटो में एकल स्पर्घा में दो मैच खेले थे। हालांकि इस दर्द ने उन्हें इसके बाद के टूर्नामेंट में भाग लेने से रोक दिया और वह उपचार तथा आराम के लिए भारत लौट आयी।




















