नई दिल्ली। अब आप अपने मोबाइल फोन को अपने बैंक खाते का नंबर भी बना सकते है। आप अपने उस मोबाइल फोन खाते से हर तरह के लेनदेन तथा खरीद बगैर धोखाधडी और बगैर बैंक गए कर सकते है।
वित्तीय सेवा प्रदान करने वाली निजी क्षेत्र की कंपनी एको फाइनेंशियल सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड ने देश के सबसे बडे सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक के साथ मिलकर शाखा मुक्त मोबाइल फोन बैकिंग की शुरूआत की है। इस खाते का नाम भारतीय स्टेट बैंक मिनी बचत खाता दिया गया है। एको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक सिन्हा ने बताया कि उनकी कंपनी भारतीय स्टेट बैंक का नेशनल बिजनेस करसपोंडेट है। उनकी कंपनी ऎसे लोगों की बैकिंग सुविधाएं प्रदान करने की कोशिश कर रही है जो अब तक उससे दूर है और वे बैंकों की कागजी परेशानियों में नहीं पडना चाहते है। इसी अवधारणा को ध्यान में रखते हुए वैसे लोगों के लिए इसकी शुरूआत की गई है जो बैंक तक नहीं पहुंच पाते है।
इस सेवा के लिए मोबाइल फोन सेवा प्रदान करने वाली कंपनी को किसी तरह का शुल्क नहीं देना पडता है। दिल्ली, बिहार और झारखंड में कुल मिलाकर 55 हजार खाते खुल चुके है। इस वर्ष के अंत तक इसकी संख्या 10 लाख तक पहुंचाने की योजना है। सिन्हा ने बताया कि एनसीआर में उनके चार सौ एजेंट है और इनकी संख्या प्रतिदिन बढ रही है। इस खाते के जरिए रूपया एक खाते से दूसरे खाते में सिर्फ हस्तांतरित ही नहीं किया जा सकता बल्कि खरीदारी भी की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इस खाते के लेन-देन को सुरक्षित बनाने की पूरी कोशिश की गई है और इसके लिए दुनिया की अग्रणी इंटरनेट सुरक्षा प्रदान करने वाली कंपनी वेरिसाइन के साथ करार किया गया है।
उन्होंने बताया कि खाता खोलने के दौरान प्रत्येक खाता धारक को कोड की एक पुस्तिका दी जाती है जिसमें 50 बार लेन-देन के कोड होते है और उसी पुस्तिका में प्रत्येक लेनदेन को उनके एजेंट दर्ज करते है। सिन्हा ने बताया कि बिहार के चार जिलों और झारखंड के दो जिलों में अभी उनकी कंपनी काम कर रही है। अगले दो महीने में पटना और शेखपुरा जिले में भी उनकी कंपनी काम करने लगेगी। उन्होंने बताया कि इस खाता का परिचालन मात्र एक रूपये में किया जा रहा है और इसके लिए खाते में निश्चित राशि रखने की बाध्यता भी नहीं है।
उन्होंने बताया कि यह ऎसा बचत खाता है जिसमें 10 रूपए तक की न्यूनतम राशि भी जमा की जा सकती है और इतनी ही राशि निकासी भी की जा सकती है। इसके जरिये दुकानदारों को भुगतान भी किया जा सकता है।
भारत समाचार
अब मोबाइल बन जाएगा आपका बैंक अकाउंट नंबर





















