श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अप्रत्यक्ष रूप से अलगाववादियों से अपील करते हुए आज कहा कि केन्द्र द्वारा समाज के अनेक विभाग से बातचीत के लिए नियुक्त किए गए वार्ताकारों को एक मौका दिया जाना चाहिए क्योंकि उनका काम बातचीत को सुगम करना है।
उमर ने यहां एक समारोह के दौरान कहा, गृह मंत्री पी चिदंबरम ने बार-बार कहा है कि कश्मीर राजनीतिक समस्या है और इसका राजनीतिक समाधान होगा। हमें एक मौका देना चाहिए। इस स्तर पर वार्ताकरों के समूह की आलोचना करने की कोई वजह नहीं है। उमर ने कहा कि इस स्तर पर वार्ताकारों की आलोचना गैरजरूरी है क्योकि इसकी कोई वजह नहीं है। उनका काम समाधान निकालना नहीं बल्कि प्रदेश में सभी राजनीतिक विचारधारों का संदेश केन्द्र को पहुंचाना और केन्द्र का संदेश उन तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यहां बिना किसी पूर्व शर्त के आने के लिए तथा प्रदेश में अनेक विचारधाराओं के लोगों के विचार जानने के लिहाज से उनसे बातचीत करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि वार्ताकार जो भी जानकारी देंगे, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह उस पर फैसला लेंगे।





















