कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

किताब की शक्ल में आई 500 से अधिक राजनीतिक टिप्पणियां

आगरा। आगरा के फोटो पत्रकार सत्या नरेन गोयल ने 35 वर्ष पहले विशिष्ट हस्तियों से भारत की दशा पर टिप्पणियां लिखवाना शुरू किया था। उन्होंने शौकिया तौर पर यह शुरूआत की थी और अब उनके पास मोरारजी देसाई और अटल बिहारी वाजपेयी सहित 500 से ज्यादा लोगों की टिप्पणियों का संग्रह है।

चौरासी वर्षीय गोयल ने देश की विशिष्ट हस्तियों की इन टिप्पणियों वाली किताब को "देश, दशा, दर्शन" नाम दिया है। गोयल ने करीब आधी सदी तक बतौर छाया पत्रकार काम किया है। उन्होंने एक प्रमुख हिंदी दैनिक "अमर उजाला" में काम करते हुए शीर्ष राजनेताओं, शिक्षकों, आध्यात्मिक गुरूओं, पत्रकारों, कवियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की आंखों से भारत खोज की यात्रा शुरू की थी। वह लोगों से एक साधारण सा सवाल पूछते थे कि आप भारत की वर्तमान सामाजिक और नैतिक स्थिति के विषय में क्या सोचते हैं। इन विशेष लोगों के स्वयं के हाथों से लिखी गई इन टिप्पणियों को अब गोयल के बेटे संजय ने एक किताब का रूप दिया है। इनमें से ज्यादातर टिप्पणियां हिंदी में हैं तो कुछ अंग्रेजी में भी हैं। गोयल ने बताया, ""मैं अपने करियर की शुरूआत में लोगों के ऑटोग्राफ संग्रहित करने के लिए उत्सुक रहता था। बाद में मैंने सोचा कि क्यों न उनके हस्ताक्षर लेने के साथ देश की दशा पर उनकी टिप्पणियां भी ली जाएं।"" समाजवादी नेता जयप्रकाश नारायण ने लिखा था, ""बुरा महसूस करता हूं लेकिन आशा करता हूं कि चीजों में सुधार होगा। भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में है।"" पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी ने लिखा था, ""बुरा महसूस करता हूं। समाज में असमानता है। राष्ट्रीयता का अभाव है।

भौतिकवादी संस्कृति की वेदी पर नैतिक मानदंडों का बलिदान किया जा रहा है लेकिन निराशावादी होने की कोई जरूरत नहीं है।"" गोयल ने इनमें से ज्यादातर टिप्पणियां 1974 में इन शीर्ष राजनेताओं की आगरा यात्रा के दौरान संग्रहित कीं। उस समय इंदिरा गांधी सत्ता में थीं और विपक्षी दलों के नेता उनकी सरकार के खिलाफ समर्थन इकट्ठा करने को यहां मिले थे। इस किताब में पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई, चंद्रशेखर, इंद्रकुमार गुजराल के अलावा जॉर्ज फर्नाडीज, राज नरेन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जगजीवन राम, प्रख्यात वकील राम जेठमलानी, सामाजिक कार्यकर्ता नानाजी देशमुख, वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप नैयर, कवि धर्मवीर भारती, लेखक जैनेन्द्र कुमार, कमलेश्वर और राजेंद्र यादव जैसी हस्तियों की टिप्पणियां संग्रहित हैं।  

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें