नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए गुरूवार को अपना नामांकन भरेंगी। पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने यहां कहा कि गांधी गुरूवार को नामांकन पर अपनी सहमति देंगी।
द्विवेदी ने कहा कि पार्टी संविधान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार को खुद जाकर नामांकन भरने की आवश्यकता नहीं होती। उम्मीदवार, 10 प्रदेश कांग्रेस कमेटियों (पीसीसी) द्वारा समर्थित नामांकन पर अपनी लिखित सम्मति दे सकता है। द्विवेदी ने कहा कि नामांकन पत्रों की जांच शुक्रवार को की जाएगी और यदि किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया तो गांधी को एक और कार्यकाल के लिए अध्यक्ष घोषित कर दिया जाएगा।
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कैबिनेट के मंत्री, कांग्रेस के महासचिव और पार्टी के अन्य नेता सोनिया गांधी के पुनर्निर्वाचन के लिए कई सारे नामांकन भरेंगे। सूत्रों ने कहा कि राज्यों से पीसीसी प्रतिनिधियों की ओर से कई जो़डे नामांकन भरे जाएंगे। चार जो़डे नामांकन उत्तर प्रदेश से भरे जाएंगे। गांधी अपने आवास पर गुरूवार को नामांकन पत्रों पर सुबह 11बजे से अपराह्न तीन बजे तक हस्ताक्षर करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नामांकन भरने की अंतिम तिथि दो सितंबर है।
भारत समाचार
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए सोनिया गुरूवार को भरेंगी नामांकन





















