रांची। झारखण्ड विधानसभा भवन में जारी नवीकरण कार्य के चलते राज्य के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मंगलवार को प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (एटीआई) में बनाए गए अस्थाई विधानसभा में विश्वास मत हासिल करेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष सी. पी. सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ""मंगलवार को विश्वास मत के लिए एटीआई को अस्थाई विधानसभा के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।"" इस सिलसिले में अखबारों में एक विज्ञापन भी दिया गया है कि मंगलवार को विश्वास मत एटीआई में होगा। उल्लेखनीय है कि मुंडा ने शनिवार को राज्य के आठवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी। उन्होंने कुछ निर्दलीयों सहित झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और जनता दल (युनाइटेड) के 45 विधायकों के समर्थन का दावा किया है।





















