होशियारपुर । पंजाब में होशियारपुर जिले के एक गांव में बुधवार रात जहरीली शराब पीने से कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने गुरूवार को इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के बताया कि दसुया उपमंडल के कालवान गांव में बुधवार देर रात लोगों ने अवैध तरीके से बनी देसी शराब पी थी। यह इलाका चण्डीगढ़ से 190 किलोमीटर दूर है। पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने गुरूवार को घटना की मजिस्ट्रेट जांच कराने के आदेश दिए हैं। उप मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक पी.एस. गिल को आदेश दिया कि वह घटना की स्वतंत्र जांच क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक से कराएं। जांच की रिपोर्ट सात दिनों के भीतर पेश करने को कहा गया है। शराब पीने से बीमार 10 से अधिक लोगों को टांडा, दसुया और होशियारपुर के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जहरीली शराब की चपेट में आने वाले कालवान, मियानी और गिलजियान गांव के थे। इनमें से ज्यादातर लोग फार्म के श्रमिक एवं किसान थे। पुलिस ने इस हादसे के सिलसिले में दो लोगों जसवंत सिंह और काला को गिरफ्तार किया है। अवैध तरीके से बनाई गई शराब बरामद कर उसे नष्ट करने के लिए पुलिस गुरदासपुर जिले सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक इस हादसे में दो लोगों की जान बच गई है। बादल ने गिल को यह भी आदेश दिया कि वह ग्रामीण इलाकों में अवैध तरीके से शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ तुरंत और प्रभावी कदम उठाएं।
भारत समाचार
पंजाब में जहरीली शराब से 16 मरे, 2 गिरफ्तार





















