श्रीनगर। श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे को मरम्मत के वास्ते शुक्रवार को एक पखव़ाडे के लिए बंद कर दिया गया। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सभी व्यवसायिक उ़डानें हवाईपट्टी की मरम्मत होने तक परिसंचलन के लिए यहां से 125 किलोमीटर की दूरी पर स्थित भारतीय वायु सेना के अवंतिपुर एयर बेस का इस्तेमाल कर सकेंगी। इससे पहले जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रक्षा मंत्रालय से कहा था कि हवाईअड्डे के बंद होने से लोगों को घाटी आने-जाने में परेशानी होगी जबकि 11 सितंबर को ईद-उल-फितर का त्योहार नजदीक आ रहा है।
इस पर श्रीनगर हवाईअड्डे के प्रबंधन का काम देखने वाले भारतीय वायु सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना था कि क्षेत्र में सर्दियों की शुरूआत और तापमान और गिरने से पहले हवाईपट्टी की मरम्मत बहुत जरूरी है। जो यात्री कश्मीर घाटी से होकर यात्रा करना चाहते हैं उन्हें सलाह दी गई है कि वे उ़डान सेवा के निर्धारित समय से तीन घंटे पहले ही श्रीनगर हवाईअड्डे पर पहुंच जाएं। यहां हवाईअड्डे पर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि श्रीनगर हवाईअड्डे पर यात्रियों की सुरक्षा जांच के बाद उन्हें बंद दरवाजों वाली बसों से अवंतिपुर एयर बेस ले जाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी यात्री को निजी वाहन से एयर बेस पहुंचने और बस से उतरने की इजाजत नहीं दी जाएगी। प्रत्येक निजी विमान सेवा को प्रतिदिन श्रीनगर से एक उ़डान भरने और एक ही विमान वहां उतारने की इजाजत रहेगी। इस बीच एयर इंडिया ने ईद के त्योहार के आस-पास अपनी उ़डान सेवाएं देना तय किया है।





















