काकद्वीप (पश्चिम बंगाल)। दक्षिण 24 परगना जिले में मूरीगंगा नदी में बुधवार को 50 लोगों को लेकर जा रही एक मोटरबोट के पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना तब हुई जब उत्तरप्रदेश से 200 श्रद्वालुओं का एक दल बंगाल की खाडी और हुगली नदी के संगम पर स्थित सागर द्वीप में कपिल मुनि मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद चार मोटर चालित नावों से लौट रहा था। इसी दौरान चार में से एक नाव पलट गई। तीन शवों को निकालकर काकद्वीप स्थित अस्पताल ले जाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दुर्घटना में आठ से दस लोग डूब गए। हालांकि पुलिस का कहना है कि अधिकतर श्रद्धालु या तो तैरकर किनारे तक आ गए अथवा उन्हें स्थानीय लोगों ने बचा लिया। बाकी शवों की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है।




















