कोलकाता। सुरक्षा बलों ने पश्चिम बंगाल के नक्सल प्रभावित पश्चिमी मिदनापुर और बांकुरा जिलों से दो संदिग्ध नक्सलियों को गिरफ्तार किया है।
नक्सली दिलीप हेमबरम को गुरूवार रात बांकुरा जिले के सारेंगा के कोयना गांव से गिरफ्तार किया गया। बांकुरा के पुलिस अधीक्षक प्रणव कुमार ने शुक्रवार को फोन पर आईएएनएस को बताया, ""दिलीप के सारेंगा में होने की सूचना मिलने के बाद हमने तलाशी अभियान शुरू किया और उसे कोयना गांव से गिरफ्तार कर लिया गया।"" उन्होंने बताया कि उसके पास से काफी मात्रा में गोलाबारूद बरामद हुआ है। कुमार ने बताया, ""दिलीप पश्चिमी मिदनापुर जिले के गोआलटोर क्षेत्र के केशियारा क्षेत्र का निवासी है। वह हत्या, राजद्रोह और लूट के कई मामलों में आरोपी है।"" उन्होंने कहा, ""दिलीप को शुक्रवार को खत्रा उप-प्रखंड की अदालत में पेश किया गया। उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।"" एक अन्य नक्सली बुलेट महतो को गुरूवार रात पश्चिमी मिदनापुर जिले के लालगढ़ के बुरिपाला क्षेत्र से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस की संयक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया।





















