कराची। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कोच वकार यूनुस ने कहा है कि 26 अक्टूबर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में दक्षिण अफ्रीका के साथ खेली जाने वाली श्रृंखला को ध्यान में रखकर उनकी टीम को अपने क्षेत्ररक्षण में सुधार लाना होगा।
पाकिस्तानी टीम इस श्रृंखला के लिए 23 अक्टूबर को यूएई रवाना होगी। उससे पहले वह इसकी तैयारी के लिए एक सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेगी। यह शिविर 17 अक्टूबर से शुरू होगा। वकार ने समाचार पत्र "एक्सप्रेस ट्रिब्यून" से बातचीत के दौरान कहा, ""इस शिविर में हम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण पर ध्यान देंगे लेकिन कुल मिलाकर हमारा सबसे अधिक ध्यान क्षेत्ररक्षण पर ही रहेगा। हमारा क्षेत्ररक्षण कभी अच्छा नहीं रहा है। इसमें सुधार से हमें काफी फायदा मिल सकता है।"" वकार ने कहा कि इंग्लैंड के साथ खेली गई पिछली श्रृंखला के दौरान उनकी टीम का क्षेत्ररक्षण का स्तर बेहद खराब रहा था। इस दौरान खिलाडियों ने कई आसान कैच टपकाए और इस कारण पाकिस्तानी टीम को काफी नुकसान झेलना प़डा। इस श्रृंखला के लिए पाकिस्तानी टीम का चयन किया जाना है। चयन प्रमुख मोहसिन खान ने कहा है कि टीम के चयन के दौरान कोच की राय नहीं ली जाएगी। मोहसिन के मुताबिक यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने लिया है।
भारत समाचार
क्षेत्ररक्षण में सुधार चाहते हैं वकार





















