नई दिल्ली। पेट्रोलियम पदार्थो की मूल्य नीति तय करने के लिए गठित डा. किरीट पारिख समिति ने घरेलू रसोई गैस सिलेडर में 100 रूपये और राशन से बिकने वाले मिट्टी के तेल के दाम छह रूपये प्रति लीटर बढाने की सिफारिश की है। समिति ने इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल के दाम सरकारी शिकंजे से मुक्त कर खुले बाजार पर छोड दिये जाने का भी सुझाव दिया है। समिति की सिफारिशों को यदि स्वीकार कर लिया जाता है तो पेट्रोल के दाम में 4.72 रूपये और डीजल में 2.35 रूपये प्रति लीटर की वृद्धि हो जायेगी। घरेलू एलपीजी सिलेडर 100 रूपये बढकर करीब 400 रूपये और मिट्टी तेल नौ रूपये से बढकर 15 रूपये लीटर पर पहुंच जायेगा। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री मुरली देवडा को आज यहां यह रिपोर्ट सौपी गई। रिपोर्ट में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की सभी तेल कंपनियों को खुले बाजार की नीति के अनुरूप समान शर्तो वाले परिवेश में पेट्रोलियम पदार्थो की बिक्री करने का माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।