नई दिल्ली। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद ने चालू वित्त वर्ष में विकास दर 7.2 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है। परिषद ने इसके अगले वित्त वर्ष यानी 2010-11 में विकास दर के 8.2 प्रतिशत रहने और वित्त वर्ष 2011-12 में इसके नौ प्रतिशत पर पहुंचने की उम्मीद जाहिर की है। परिषद के चेयरमैन सी. रंगराजन ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा, परिषद अगले वर्ष कृषि में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि की उम्मीद कर रही है और वर्ष 2011-12 में इसमें चार फीसदी की विकास दर हासिल किए जाने की उम्मीद है। परिषद ने औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों में भी वृद्धि की संभावना व्यक्त की है। रंगराजन ने कहा, इस आधार पर हमारा प्रारंभिक आकलन यह है कि वर्ष 2010-11 में अर्थव्यवस्था 8.2 फीसदी की दर से विकास करेगी।