हैदराबाद, 3 सितंबर। हेलिकॉप्टर दुर्घटना में मारे गए आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी का अंतिम संस्कार शुक्रवार सायं कडप्पा जिले में उनके पैतृक गांव पुलिवेंदुला में होगा। इससे पहले उनका शव आम जनता के अंतिम दर्शनों के लिए लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में 10 से 1 बजे तक रखा जाएगा। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि रेड्डी का शव सायं 5:30 बजे हैदराबाद पहुंचेगा, जहां कार्यवाहक मुख्यमंत्री के. रोसैया एवं उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी तथा अन्य गणमान्य लोग श्रद्धांजलि देंगे। रात को शव उनके घर पर रखा जाएगा।