नई दिल्ली, 12 सितंबर। एनटीपीसी और तमिलनाडु एनर्जी कंपनी की साझा कंपनी एनटीईसीएल की ओर से बिजली उत्पादन के उपकरण बनाने वाली सार्वजनिक उपक्रम भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल)को 1,300 करोड रूपये का ठेका मिला है। इस ठेके के तहत बीएचईएल द्वारा तमिलनाडु में स्थापित किये जाने वाल वलूर थर्मल पावर परियोजना के लिए टर्बाइनों की आपूर्ति की जानी है। बीएचईएल पहले से ही वलूर परियोजना के एक ठेके पर काम कर रही है। कंपनी ने 22 जुलाई को घोषित किए गये नतीजों में बताया था कि कारोबारी साल 2009-10 की पहली तिमाही में इसे 470.6 करोड रूपये का लाभ हुआ था, जबकि इससे ठीक पिछले साल की इसी तिमाही में इसका लाभ 384.4 करोड रूपये रहा था। बीएचईएल की आमदनी अप्रैल-जून 2008 के 4,621 करोड रूपये के मुकाबले अप्रैल-जून 2009 में 5,898.5 करोड रूपये हो गई।