बीएचयू में छात्र के साथ रैगिंग करने के मामले में 4 छात्र गिरफ्तार
Sep 15, 2009 2:58 AM
वाराणसी, 15 सितंबर। उत्तर प्रदेश में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से इंजीनियरिंग कर रहे एक दलित युवक की रैगिंग में की गई पिटाई के आरोप में चार छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। इन छात्रों को चार सेमेस्टर के लिए निलंबित कर दिया गया है। इनसे छात्रावास खाली करा लिया गया है। दो महीनों में बीएचयू में रैगिंग की यह तीसरी घटना है। रैगिंग की इन घटनाओं में 15 छात्र आरोपी है। इससे पहले 29 जुलाई और नौ अगस्त को रैगिंग की घटनाएं सुर्खियों में आई थी। दलित छात्र से की गई रैगिंग में चारों छात्रों पर एक-एक हजार रूपये और मोबाइल फोन छीनने के आरोप भी लगाया गया है। उसे जबरदस्ती नाचने के लिए मजबूर किया गया और पिटायी की गई। इस छात्र से रैगिंग करने वाले दक्षिण भारतीय चारों छात्रों ने पांच हजार रूपये की भी मांग की, गिरफ्तार चारों छात्रों में एस हर्षा, पी किशोर कुमार, के राजा और गुरूप्रसाद शामिल है। पुलिस ने इन चारों छात्रों के खिलाफ लंका थाने में रिपोर्ट दर्ज कर इन्हें कल देर रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था और आज जेल भेज दिया गया है।