नई दिल्ली, 17 सितंबर। के.आर. चोकसी सिक्योरिटीज के एमडी देवेन चोकसी का कहना है कि इस समय निफ्टी का 5,000 का आंकडा छूना कोई चौकाने वाली बात नही है। इसकी उम्मीद थी, क्योंकि बाजार में काफी नया निवेश आ रहा है और भारतीय बाजार बुनियादी रूप से मजबूत दिख रहा है। इन स्तरों पर बाजार ज्यादा लंबे समय तक नही रूकेगा। फिलहाल, अक्टूबर-दिसंबर तक बाजार में तेजी का रूझान बना रहने की संभावना है। इस दौरान निफ्टी ऊपर की ओर 5,200 तक जा सकता है, जबकि नीचे 4,850 तक फिसलने की संभावना रहेगी। आने वाले महीनों में कंपनियों के तिमाही नतीजों से बाजार को मजबूती मिलेगी। साथ ही रिलायंस के मुकदमें का फैसला भी बाजार के लिए एक बडा कारक होगा। इस समय भारतीय बाजार में जो माहौल है, उसकी तुलना 2007 में निफ्टी के पहली बार 5,000 के ऊपर जाने के समय से नही की जा सकती। उस समय बाजार में अति-उत्साह था, जो इस समय नही है। हालांकि निवेशकों के लिए यही सलाह है कि वे मुनाफावसूली करते रहे। जब निफ्टी वापस 4,830-4,890 के बीच के निचले स्तरों पर आयें, तब खरीदारी करें।