भोपाल: प्रदेश में स्थापित होंगे 11,506 करोड के 11 उद्योग
Sep 23, 2009 7:44 PM
भोपाल, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अघ्यक्षता में मघ्य प्रदेश में शीर्ष निवेश संवर्द्धन समिति की बैठक में 11,506 करोड रूपए लागत के 11 उद्योगों से संबंघित प्रस्तावों पर विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों की स्थापना से संबंघित किए गए निर्णयों का तेजी से पालन किया जाना आवश्यक है। इसमें विलंब से विकास की गति रूकती है। इन उद्योगों में 2500 करोड रूपए लागत से रिलायंस के सतना जिले में प्रस्तावित सीमेंट कारखाना, 7580 करोड रूपए की लागत से हिंडाल्को द्वारा सिंगरौली जिले में प्रस्तावित एल्यूमिनियम स्मेल्टर प्लांट, 1162 करोड रूपए की लागत से केलारस में सीमेंट कारखाना, निभि इंडस्ट्रीज द्वारा मेघनगर में 28 करोड रूपए की लागत से एसबेस्टस शीट कारखाना, राजरतन कंसेप्ट द्वारा 36 करोड रूपए की लागत से फुलगावडी में प्रदूषणकारी अनुपयोगी पदार्थो की इकाई स्थापना शामिल है। इसके अलावा गंगाहोनी, पचोर, सिया, मंडीदीप तथा शुजालपुर में कुल 200 करोड रूपए की लागत से सालवेंट इकाइयों की स्थापना भी प्रस्तावित है।