कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

क्वात्रोची मामला दफन के लिए अर्जी दायर

नई दिल्ली, 3 अक्टूबर। क्वात्रोची मामला बंद करने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को यहां चीफ मैट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की कोर्ट में याचिका दायर कर दी। इसमें सीबीआई ने कहा है कि क्वात्रोची को दिल्ली लाकर उन पर मुकदमा चलाने के तमाम प्रयास बेकार साबित हो चुके हैं। देश की राजनीति में तूफान लाने वाले विवादित बोफोर्स दलाली मामले में अभियुक्त बनाए गए क्वात्रोची करीब दो दशक पुराने इस मामले में एक भी बार कोर्ट में पेश नहीं किए जा सके हैं। क्वात्रोची पर बोफोर्स तोपों की खरीद में 64 करो़ड रूपए की दलाली मामले में शामिल होने का आरोप है। इस पूरे मामले में क्वात्रोची समेत आठ लोगों पर आरोप लगा था, इनमें से तीन की मृत्यु हो चुकी है।
हालांकि एक अभियुक्त अजय अग्रवाल ने गुहार की है कि इस मामले से क्वात्रोची को बाहर न किया जाए, मगर सीबीआई का कहना है कि याचिकाकर्ता के पास इस मामले में दखल देने का कोई अधिकार नहीं है। इस मामले में गत मंगलवार को केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि वह इटली के व्यापारी ओटेवियो क्वात्रोची के खिलाफ मुकदमा वापस ले रही है। सॉलिसिटर जनरल गोपाल सुब्रमण्यम ने चीफ जस्टिस केपी बालाकृष्णन की अध्यक्षता वाली बैंच में कहा था कि क्वात्रोची के भारत में प्रत्यर्पण की सभी कोशिशें नाकामयाब रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई के लिए 11 दिसंबर की तारीख तय की है। क्वात्रोची के अलावा इस मामले में चार और लोग ऎसे हैं जो जीवित हैं और जिन्हें अभियुक्त बनाया गया था, पर फिलहाल मामला केवल क्वात्रोची पर ही बचा है। चार जीवित अभियुक्तों में हिंदूजा बंधु, श्रीचंद और गोपीचंद को 2004 में दिल्ली हाईकोर्ट बरी कर चुका है।

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें