बॉस्टन, 3 अक्टूबर। "बिजनेस वेब मेल" बाजार में दुनिया की दिग्गज सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी आईबीएम, गूगल को टक्कर देने की तैयारी कर रही है। पिछले महीने गूगल की ईमेल सेवा में कुछ तकनीकी खराबी आ जाने के कारण दो घंटे तक व्यावसायिक ग्राहक इसका इस्तेमाल नही कर पाए थे। गूगल की साख को पहुंचे इस नुकसान का फायदा उठाने के लिए आईबीएम अपनी नई बिजनेस ईमेल सेवा लेकर आ रहा है। आईबीएम के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि कंपनी की नई ईमेल सेवा "लोटसलाइव आईनोट्स" अगले सप्ताह बाजार में आ जाएगी। इसके लिए प्रति ग्राहक सालाना 36 डालर का भुगतान करना होगा। यह शुल्क गूगल की बिजनेस ईमेल सेवा के लिए दिये जाने वाले शुल्क की तुलना में तकरीबन 25 फीसदी कम है। हालांकि यह ईमेल सेवा गूगल की ईमेल सेवा की तुलना में बराबरी की नही है लेकिन व्यावसायिक बाजार में आईबीएम के लंबे अनुभव को देखते हुए ऎसा माना जा रहा है कि यह सेवा ब़डी संख्या में ग्राहकों को आकषत करने में सफल रहेगी। आईबीएम की नई ईमेल सेवा "आईनोट्स" माइक्रोसाफ्ट की वेब आधारित ईमेल सेवा को भी क़डी चुनौती दे सकती है क्योंकि माइक्रोसाफ्ट अपनी ईमेल सेवा के लिए प्रति ग्राहक 120 डॉलर सालाना का शुल्क वसूलती है।