मास्को/नई दिल्ली । भारत और रूस ने सैन्य तकनीकी सहयोग आयोग की मैराथन बैठक में गुरूवार को दो महत्वपूर्ण रक्षा समझौतों को अंतिम रूप दे दिया। रक्षा मंत्री ए.के.एंटनी और रूसी रक्षा मंत्री अनातोली सेर्दूकोव की संयुक्त अध्यक्षता में हुई आयोग की बैठक के दूसरे और अंतिम दिन दोनों देशों के बीच 2020 तक के लिए रक्षा सहयोग जारी रखने के समझौते को सील कर दिया गया। इसके अलावा दूसरा महत्वपूर्ण समझौता रक्षा उपकरणों की बिक्री के बाद के उत्पादन एवं सेवा समर्थन के बारे में है। रक्षा सूत्रों के अनुसार दूसरा समझौता भारत की रक्षा कूटनीति की महत्वपूर्ण सफलता है क्योंकि रूसी रक्षा उपकरणों की खरीदारी के बाद कलपुर्जो की आपूर्ति में समस्याएं आती रही थीं। यह समझौता एक प्रकार से रक्षा उपकरणों के बारे में वारंटी जैसा होगा। इन दोनों समझौता पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की दिसंबर में होने वाली रूस यात्रा के दौरान दस्तखत किए जांएगे।