भारत समाचार
2010 में आ सकती है नौकरियों की बाढ़

ग्लोबल टेक्नोलॉजी और कंसल्टेंसी फर्म एक्सेंचर ने सोमवार को कहा कि वह अगले साल के अंत तक 8,000 कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी कर रही हैं, जिसके बाद भारत में उसके स्टाफ की कुल तादाद 50,000 हो जाएगी। एक्सेंचर के चेयरमैन और सीईओ विलियम डी ग्रीन ने कहा, हमें लगता है कि एनालिटिक्स एक महत्वपूर्ण ट्रेंड रहेगा, जिसके बारे में ग्राहक हमसे मांग करेंगे। हमारा मानना है कि भारत हमारे लिए बेहतरीन बाजार साबित होगा। कारोबारी साल 2009 में कंपनी की कुल आमदनी 21.58 अरब डॉलर थीं। दुनिया भर में एक्सेंचर के 1,77,000 कर्मचारी हैं।
अगले साल भारतीय शेयर बाजार में लिस्टिंग की योजना बना रहा ब्रिटिश बैंक स्टैंडर्ड चार्टर्ड साल 2010 के अंत तक भारत में 3,000 कर्मचारियों की नियुक्ति की तैयारियों में जुटा हैं। बैंक में ह्यूमन रिसोर्सेज की रीजनल हेड माधवी लाल ने बताया कि भारत में करीब 18,000 कर्मचारी रखने वाला स्टैनचार्ट इस साल अब तक 2,000 लोगों की भर्ती कर चुका हैं।




















