नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे कर लिए हैं। गांगुली ने कोलकाता में बंगाल के व़डोदरा के खिलाफ रणजी मैच में 76 रन की पारी खेलने के साथ ही यह आंक़डा पार कर लिया। उन्होंने 97 गेंदों की पारी में 14 चौके लगाए। हालांकि बंगाल पहली पारी के आधार पर 14 रन से पिछ़ड गया। गांगुली 243वें मैच में इस आंकडे़ पर पहुंचे हैं। उनके अब 243 मैचों में से 15009 रन हो गए है, जिसमें 31 शतक और 86 अर्द्धशतक शामिल हैं। गत वर्ष ऑस्टे्रलिया के खिलाफ नागपुर टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले गांगुली ने इंडियन प्रीमियर लीग और प्रथम श्रेणी में खेलना जारी रखा है। 37 वर्षीय गांगुली ने 113 टेस्ट और 311 वनडे खेले थे। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उन्होंने 164 विकेट हासिल करने के साथ 165 कैच भी लपके हैं। उनकी सर्वोच्च पारी 239 रन की है, जबकि गेंदबाजी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 46 रन पर छह विकेट लेने का है।