भारत समाचार
दिल्ली: दो अलग-अलग स्थानों पर भंयकर आग लगी

थोडी देर से पहुंची दमकल गाडियों के लिए आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग कितनी भयानक थी, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फायर ब्रिगेड की 20 गाडियों को जूते की फैक्ट्री में लगी इस आग पर काबू पाने में 4 घंट से भी ज्यादा लगे। तब तक आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, तब तक पूरी तीन मंजिला फैक्ट्री खाक हो चुकी थी। जिस वक्त नरेला इंडस्ट्रीयल एरिया में फायर ब्रिगेड इस आग पर काबू पाने में जुटे थे, कमोबेश उसी वक्त यहां 5 किलोमीटर दूर बवाना औद्योगिक इलाके में भी लोग फायर ब्रिगेड को फोन कर-कर परेशान थे।
यहां भी जूते बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लगी हुई थी, लेकिन इस आग को काबू में करने वाला कोई नहीं था। फैक्ट्री के मालिक और आसपास के लोग फायर ब्रिगेड को फोन करके थक चुके थे, लेकिन घंटों बीत जाने के बावजूद दमकल की एक भी गाडी नजर नही आई। असल में बवाना के लोग जब फायर ब्रिगेड को फोन कर रहे थे, उस वक्त ज्यादातर दमकल गाडियां नरेला की फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने में जुटी थी जब तक पश्चिमी डिस्ट्रिक्ट से दमकल गाडियां बुलाई गई, तब तक सब कुछ स्वाहा हो चुका था। दोनों ही मामलों में हादसे की वजह का पता नही लग पाया है, लेकिन एक साथ आगजनी की कई घटनाओं को निबटने में फायर सर्विस की नाकामी जरूर उजागर हो गई।




















