प्रशांत महासागर में फंसा भारतीय जहाज गंतव्य पर पहुंचा
Dec 21, 2009 11:30 PM
वाशिंगटन। अलास्का के अदक द्वीप से दक्षिण पश्चिम में करीब 865 किलोमीटर दूर प्रशांत महासागर में फंसा भारतीय मालवाहक पोत अपने गंतव्य पर पहुंच गया है। अमरीका के ओरेगन जा रहे इस एपीजे सूर्यवीर पोत में तकनीकी खराबी आ गई थी जिसकी मरम्मत कर दिए जाने के बाद वह अपने गंतव्य पर पहुंच गया है। इसमें सवार चालक दल के सभी 28 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। जहाज मेंरवाना होने चार घंटे बाद ही इसके इंजन में खराबी आ गई थी, इस वजह से उसे रोक दिया गया था। मौसम खराब होने की वजह से इसके मरम्मत कार्य में भी बाधा पहुंचने का अंदेशा था। खराबी के बाद संयुक्त बचाव समन्वय केंद्र हरकत में आ गया था। जहाज कैप्टन ने तत्काल तटरक्षक बल की मदद मांग ली थी। बचाव दल के पहुंचने से पहले ही चालक दल ने इंजन को दुरूस्त कर लिया।