नई दिल्ली। आदर्श हाउसिंग सोसाइटी में सेना के अधिकारियों का नाम आने से रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी कथित रूप से "परेशान" हैं। उन्होंने तीनों सेना प्रमुखों से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है। सेना इस मामले की अलग से जांच करेगी।
कांग्रसे अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस मामले की जांच के लिए रक्षा मंत्री एंटनी के साथ वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी को जिम्मेदारी सौंपी है। सूत्रों के अनुसार रक्षा मंत्री ने हाउसिंग घोटाले में सेना के अधिकारियों और सेवानिवृत्त अधिकारियों का कथित रूप से नाम आने पर तीनों सेना प्रमुखों से रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा है।
यही नहीं, आदर्श हाउसिंग सोसाइटी में फ्लैट खरीदने वाले पूर्व सेना प्रमुखों द्वारा टेलीविजनों पर दिए गए बयानों से भी रक्षा मंत्री दुखी हैं, जिसमें सेना के पूर्व अधिकारियों ने कहा था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि इमारत का निर्माण कारगिल शहीदों के परिवारों के लिए निश्चित की गई भूमि पर किया गया है। मंत्रालय के एक सूत्र ने बताया कि मामले में सेना के पूर्व और वर्तमान अधिकारियों की संलिप्तता को रक्षा मंत्रालय ने गंभीरता से लिया है। उधर, सेना इस मामले में अपने सेना के पूर्व व वर्तमान अधिकारियों की भूमिका जांचने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी शुरू करने की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे रही है।
भारत समाचार
आदर्श घोटाला : रक्षा मंत्री ने सेना प्रमुखों से रिपोर्ट मांगी





















