मुंबई। निर्देशक संजय लीला भंसाली की "गुजारिश" तैयार है और एक बार फिर उन्होंने अभिनेत्री ऎश्वर्या राय के साथ काम किया है। भंसाली कहते हैं कि ऎश्वर्या उनकी प्रेरणा हैं। भंसाली ने गुरूवार को सिनेमैक्स में "गुजारिश" की पहली झलक दिखाने के बाद कहा, ""ऎश्वर्या मेरी प्रेरणा हैं। जब मैं उनके साथ कोई फिल्म बनाता हूं तो बहुत उत्साहित हो जाता हूं क्योंकि वे बहुत विशिष्ट हैं। कुछ लोगों पर समय का कोई असर नहीं होता और ऎश्वर्या अगले 20 साल तक भी ऎसी ही रहेंगी।""
यह भंसाली की ऎश्वर्या के साथ तीसरी फिल्म है। इससे पहले वे "हम दिल दे चुके सनम" (1999) और "देवदास" (2002) में उनके साथ काम कर चुके हैं। इस अवसर पर ऎश्वर्या ने कहा, ""यह हमारे लिए बहुत विशेष फिल्म थी। हमें दुनियाभर में इस फिल्म के प्रसारण से पहले आपके साथ इसके अंश बांटने की खुशी है।"" भंसाली फिल्म के अभिनेता ऋतिक रोशन की भी बहुत प्रशंसा करते हैं। उन्होंने कहा, ""ऋतिक के साथ काम करने में उन्हें जितनी खुशी मुझे मिली उतनी किसी भी अन्य अभिनेता के साथ काम करने में नहीं मिली।""
फिल्म में ऋतिक एक जादूगर की भूमिका में हैं तो ऎश्वर्या ने एक ऎसी नर्स की भूमिका निभाई है जिसका अपने पति से अलगाव हो जाता है। फिल्म कथित तौर पर इच्छा मृत्यु के विवादास्पद मुद्दे को छूती है। भंसाली ने फिल्म का संगीत भी तैयार किया है। इसमें आठ गीत हैं जबकि फिल्म की एलबम में 12 गीत हैं। यूटीवी ब्लिंक और भंसाली के संयुक्त निर्माण में बनी "गुजारिश" 19 नवम्बर को प्रदर्शित होगी।





















