नई दिल्ली। भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगलवार को तीन स्वर्ण पदक हासिल किए। 60 किलोग्राम और 74 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में रवींद्र कुमार और संजय कुमार के कारनामे के बाद 94 किलोग्राम वर्ग में अनिल कुमार ने जीत हासिल कर भारत की झोली में एक और स्वर्ण पदक डाल दिया। अनिल ने आस्टे्रलिया को एच. फिकीरी को 6-0 से पराजित किया। इस तरह भारतीय पहलवानों ने मंगलवार को ग्रीको रोमन कुश्ती के तीन वर्गो में अपना झंडा लहराया। ग्रीको रोमन कुश्ती को पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल किया गया है। इससे पहले, रवीद्र ने 60 किलोग्राम और संजय ने 74 किलोग्राम वर्ग में पहला स्थान हासिल किया था। मंगलवार को भारत के खाते में पांच स्वर्ण आए। पहलवानों ने तीन स्वर्ण जीते जबकि निशानेबाजों ने भी दो स्वर्ण और एक रजत हासिल किया।
भारत समाचार
कुश्ती में अनिल ने दिलाया तीसरा स्वर्ण





















