रांची। झारखण्ड के मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मंगलवार को विश्वास मत हासिल करेंगे।
विधानसभा भवन में जारी नवीकरण कार्य के चलते राज्य के प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (एटीआई) में एक दिवसीय विधानसभा सत्र की बैठक होगी जिसमें मुंडा का शक्ति परीक्षण होगा। उल्लेखनीय है कि मुंडा ने गत शनिवार को राज्य के आठवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी। उन्होंने दो निर्दलीयों सहित झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), ऑल झारखण्ड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) और जनता दल (युनाइटेड) के 45 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। मुंडा ने सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत में बहुमत साबित करने का दावा किया। उन्होंने कहा, ""हम बहुमत साबित कर लेंगे।"" मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ""जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे।"" झारखण्ड विधानसभा में वर्तमान में 80 सदस्य है। दो सदस्यों के असामयिक निधन के कारण विधानसभा की संख्या 80 हुई है। राज्य की 82 सदस्यीय विधानसभा में एंग्लो-इंडियन समुदाय के एक सदस्य को मनोनीत किया जाता है। 80 सदस्यीय वर्तमान विधानसभा में भाजपा और झामुमो के 18-18, आजसू के पांच, जद (यु) के दो, कांग्रेस के 13, झारखण्ड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के 11, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पांच और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले), माक्र्सवादी समन्वय समिति, झारखण्ड पार्टी (एक्का), झारखण्ड जनाधिकार मंच और आरकेपी के एक-एक सदस्य हैं। तीन सदस्य निर्दलीय हैं।
भारत समाचार
बहुमत साबित करेंगे मुंडा




















