नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा नौ नवंबर को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित कर सकते हैं। यह जानकारी संसदीय मामलों के मंत्री पवन कुमार बंसल ने बुधवार को दी।
बंसल ने यहां संवाददाताओं को बताया कि संसद का शीतकालीन सत्र एक सप्ताह पहले, यानी आठ नवंबर से शुरू हो सकता है और अमेरिकी राष्ट्रपति यथासंभव नौ नवंबर को संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। बंसल ने कहा कि शीतकालीन सत्र की तारीख पर निर्णय राजनीतिक मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा लिया जाएगा और संसद की संयुक्त बैठक की तारीख लोकसभा अध्यक्ष द्वारा तय की जाएगी। बंसल ने कहा कि शीतकालीन सत्र एक महीने से अधिक समय तक चल सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति, ओबामा नवंबर के पूर्वार्ध में भारत आने वाले हैं।





















