मेलबर्न। आस्टे्रलियाई क्रिकेट टीम के कोच टिम नील्सन ने कहा है कि शनिवार को एडिलेड में वेस्टर्न आस्टे्रलिया के खिलाफ शानदार शतकीय पारी खेलने वाले युवा बल्लेबाज कैलम फग्र्यूसन को 25 नवम्बर से इंग्लैंड के साथ खेले जाने वाले पहले एशेज टेस्ट मैच के लिए अंतिम-11 में शामिल किया जा सकता है।
आस्टे्रलिया के समाचार पत्र "द आस्टे्रलियन" ने नील्सन के हवाले से लिखा है कि शेफील्ड शील्ड सत्र के शुरूआती मैच में जब फग्र्यूसन ने शतक लगाकर अपनी दावेदारी को मजबूत किया था, उस समय एडिलेड क्रिकेट मैदान में क्रिकेट आस्टे्रलिया (सीए) के राष्ट्रीय चयनकर्ता ग्रेग चैपल भी मौजूद थे।
इस लिहाज से फग्र्यूसन के ब्रिस्बेन में खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल किए जाने की संभावना बढ़ गई है। इस बात से सबसे अधिक चिंता माइकल हसी और मार्कस नार्थ को होगी क्योंकि दोनौं खिलाडियों का स्थान अभी तय नहीं है। हसी दो वर्ष में दो शतक लगा चुके हैं।
नील्सन ने कहा, ""143 गेंदों पर 129 रनों की शानदार पारी खेलकर फग्र्यूसन ने साबित कर दिया है कि वह एशेज के लिए टेस्ट टीम में स्थान पाने के हकदार हैं। बीते वर्षो में फग्र्यूसन के खेल में काफी सुधार आया है। वह बेहद सशक्त बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं।""
खराब फार्म को लेकर हाल के दिनों में हसी की काफी आलोचना हुई है। भारत दौरे में नाकाम रहे हसी को तीसरे एकदिवसीय मुकाबले से पहले ही स्वदेश भेज दिया गया था, जिससे कि वह शेफील्ड शील्ड में खेलकर अपना फार्म सुधार सकें लेकिन इस सत्र के पहले प्रथम श्रेणी मैच में हसी नाकाम रहे।
भारत समाचार
एशेज श्रृंखला : ब्रिस्बेन टेस्ट में खेल सकते हैं फग्र्यूसन





















