नई दिल्ली। इस वर्ष अक्टूबर में त्योहारी सीजन के मद्देनजर कारों की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है।
देश की अग्रणी कार निर्माता कम्पनी मारूति सुजुकी ने अक्टूबर माह में 1,18,908 वाहनों की रिकार्ड बिक्री की। पिछले साल इसी माह हुई 85,415 वाहनों की बिक्री से यह 39.2 फीसदी ज्यादा है। कम्पनी ने एक बयान में कहा कि पहली बार कम्पनी ने अक्टूबर 2010 में घरेलू बाजार में एक लाख से अधिक 1,07,555 वाहन बेचे हैं।
इससे पहले सितम्बर 2010 में कम्पनी ने घरेलू बाजार में 95,148 वाहन बेचे थे। अक्टूबर में कम्पनी ने 11,353 वाहनों का निर्यात किया। कम्पनी के अल्टो, वैगन-आर, जेन, स्विफ्ट, रिट्ज और ए-स्टार वाले ए2 सेगमेंट में पिछले साल के मुकाबले 50.7 फीसदी अधिक 77,502 कारों की बिक्री हुई। एसएक्स4 और डि"जायर वाले ए3 सेगमेंट में 32 फीसदी अधिक 11,621 कारों की बिक्री हुई।
ओम्नी, वर्सा, इको वाले सी सेगमेंट में 92 फीसदी अधिक 15,379 और जिप्सी और विटारा वाले बी सेगेमेंट में 151.2 फीसदी अधिक 422 वाहनों की बिक्री हुई।
इस श्रेणी की दूसरी सबसे बडी कंपनी ह्यूंडई मोटर इंडिया लिमिटेड की अक्टूबर 2010 में घरेलू बिक्री 22.69 प्रतिशत बढकर 34,725 कारों पर पहुंच गई। पिछले वर्ष अक्टूबर में कंपनी ने घरेलू बाजार में 28,301 कारें बेची थी।
वहीं देश की तीसरी सबसे बडी कार निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स ने अक्टूबर में अपनी बिक्री में 21.26 प्रतिशत की बढत दर्ज की और इस दौरान उसने 64,757 वाहनों की बिक्री की।
बीते साल अक्टूबर में कंपनी ने 53,404 वाहनों की बिक्री की थी। अक्टूबर, 2010 में घरेलू बाजार में टाटा मोटर्स के यात्री वाहनों की बिक्री 22.32 प्रतिशत बढकर 24,478 वाहनों की रही। समीक्षाधीन अवधि में नैनों की बिक्री महज दो प्रतिशत बढकर 3065 कारों की रही। वहीं इंडिका कारों की बिक्री एक प्रतिशत बढकर 9732 इकाइयों की रही।
भारत समाचार
त्योहारी सीजन पर कारों की बिक्री में रिकॉर्ड वृद्धि





















