नई दिल्ली। दोपहिया और तिपहिया वाहन बनाने वाली देश की कंपनी बजाज आटो को वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 590 करो़ड रूपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो वर्ष 2009-10 की समान अवधि के 293 करो़ड रूपये के शुद्ध लाभ की तुलना में करीब दोगुना है।
वाहन निर्माता कंपनी की कुल आय पिछले वर्ष की समान अवधि के 2,338.47 करो़ड रूपये की तुलना में 66.35 प्रतिशत बढ़कर 3,890.06 करो़ड रूपये रही। कंपनी ने गुरूवार को एक बयान में कहा कि मोटरसाइकिलों की कुल बिक्री में 72 प्रतिशत की वृद्धि हुई। मोटरसाइकिल उद्योग की 24 प्रतिशत की वृद्धि की तुलना में कंपनी की घरेलू बिक्री में 71 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। कंपनी ने कहा कि पल्सर और डिस्कवर जैसे उसके ब्रॉन्डों का घरेलू बिक्री में 80 प्रतिशत योगदान है। कंपनी ने इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में 5,66,121 मोटरसाइकिलों की बिक्री की। पिछले वर्ष की समान अवधि में 30 प्रतिशत की बाजार हिस्सेदारी की तुलना में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी तीन प्रतिशत बढ़कर 33 प्रतिशत हो गई। तिपहिया वाहनों की बिक्री भी 58 प्रतिशत बढ़कर 99,918 हो गई। कंपनी ने इस तिमाही में 3,23,899 वाहनों का निर्यात किया। पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में इसमें 82 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने कहा कि निदेशक मंडल से हर शेयर पर एक अतिरिक्त शेयर जारी करने की सिफारिश की गई है।





















