कोलकाता। चप्पल-जूते बनाने वाली प्रमुख कंपनी बाटा इंडिया की योजना अगले तीन वर्षो में 150-200 करो़ड रूपये की लागत से नए ब़डे स्टोर खोलने और वर्तमान स्टोर्स को नया रूप देने की है।
कंपनी की वार्षिक आम बैठक के मौके पर चेयरमैन पी. एम. सिन्हा ने कहा, ""हम अगले तीन वर्षो में नए स्टोर खोलने, वर्तमान स्टोरों को नया रूप देने और संयंत्र व उपकरणों पर 150-200 करो़ड रूपये खर्च करेंगे।"" उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में कंपनी की योजना 70 ब़डे स्टोर खोलने की है। साथ ही कंपनी घाटे में चल रहे 24 स्टोर को इस वर्ष बंद भी करेगी। वर्तमान में कंपनी के कुल 1250 खुदरा स्टोर हैं। पिछले साल बाटा ने 40 स्टोर को नया रूप दिया था जबकि 73 को बंद कर दिया था। पश्चिम बंगाल के बाटानगर में एकीकृत टाउनशिप प्रोजेक्ट के नियम शर्तो को कंपनी ने फिर से निर्धारित किया है। इसके तहत कंपनी को 100 करो़ड रूपये अग्रिम राशि के रूप में प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही कंपनी को इस परियोजना से 640,000 वर्ग फीट निर्मित जगह निशुल्क मिलेगी। बाटा ने वर्ष 2005 में इस एकीकृत टाउनशिप के निर्माण के लिए कलकत्ता मेट्रोपोलिटन ग्रुप लि. (सीएमजीएल) के साथ 50: 50 शेयरों के आधार पर एक संयुक्त उपक्रम बनाया था।





















