नई दिल्ली। इंजीनियरिंग कम्पनी भारत हेवी इलेक्ट्रीकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को कर्नाटक ऊर्जा निगम लिमिटेड (केपीसीएल) से 3,700 करो़ड़ रूपये का ठेका मिला है।
कम्पनी ने एक बयान में कहा, ""3,700 करो़ड रूपये के इस ठेके के अंतर्गत कर्नाटक के बेल्लारी ताप विद्युत गृह में 700 मेगावॉट की विद्युत इकाई स्थापित की जाएगी।"" बेल्लारी ताप विद्युत गृह में बीएचईएल पहले भी 500-500 मेगावॉट की दो इकाइयां स्थापित कर चुकी है। बीएचईएल प्रदेश में 5,000 मेगावॉट बिजली का उत्पादन कर रही है जिसमें उसकी जल और ताप विद्युत इकाइयां शामिल हैं। कम्पनी बीएचईएल और केपीसीएल के संयुक्त रायचर ऊर्जा निगम लिमिटेड की 800-800 मेगावॉट की दो इकाइयों का भी संचालन कर रही है। विद्युत उपकरण निर्माण के क्षेत्र में कम्पनी की क्षमता 15,000 मेगावॉट विद्युत उत्पादन के संयंत्र बनाने की है। कम्पनी अपनी इस क्षमता को 20,000 मेगावॉट तक बढ़ाना चाहती है।





















