लंदन। भारतीय निर्देशक सिंगीथम श्रीनिवास राव और निर्माता कोंडा कृष्णम राजू ईसा मसीह के बचपन पर आधारित एक भारी-भरकम बजट वाली बहुभाषी फिल्म बनाने जा रहे हैं। राजू का दावा है कि यह फिल्म बॉलीवुड के इतिहास की सबसे ब़डी फिल्म होगी।
इस फिल्म को चार भाषाओं में बनाया जाएगा और इसमें देश की सभी जातियों के बाल कलाकारौं और सात धार्मिक गीतों को शामिल किया जाएगा। राजू ने कहा कि यह फिल्म ईसा मसीह के बचपन पर आधारित होगी जबकि उन पर अब तक बनाई गई फिल्में उनके जीवन के आखिरी दिनों पर केंद्रित रही हैं। वेबसाइट "टेलीग्राफ डॉट को डॉट यूके" के मुताबिक राजू ने कहा कि फिल्म की लागत तीन करो़ड डॉलर होगी। भारतीय फिल्में आमतौर पर पांच लाख डॉलर की लागत में बन जाती हैं। आदित्य प्रोडक्शन के मुताबिक फिल्म को अंग्रेजी और तीन भारतीय भाषाओं तेलुगू, हिंदी और मलयालम में रिलीज किया जाएगा। फिल्म के तेलुगू और मलयालम संस्करण में दक्षिण भारतीय अभिनेता पवन कल्याण की आवाज होगी और इसके अंग्रेजी और हिंदी संस्करणों में जाने माने अभिनेताओं की आवाजें होंगी। राव ने कहा कहा कि यह फिल्म ईसाइयों के लिए खास होगी जो कि वैश्विक दर्शक हैं। भारत में ईसाई धर्मावलंबियों की संख्या 2.4 करो़ड है जो भारत की आबादी का 2.3 प्रतिशत है।





















