पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 24 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार की शाम चुनाव प्रचार का शोर थम गया।
दूसरे चरण में राज्य के छह जिलों में 45 सीटों के लिए मतदान होंगे। इससे पहले सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। दूसरे चरण में जिन 45 सीटों के लिए मतदान होगा वे इन जिलों में हैं- पूर्वी चम्पारण, शिवहर, सीतामढ़ी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर। दूसरे चरण में होने वाले मतदान के लिए सभी राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार में अपनी ताकत झोंक दी। कांग्रेस ने शुक्रवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट, श्रीप्रकाश जायसवाल और पवन कुमार बंसल को मंचों पर उतारा, वहीं भाजपा की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी, वरिष्ठ नेता राजीव प्रताप रूडी, राजनाथ सिंह, राजनेता सह अभिनेता शत्रुƒन सिन्हा, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित कई नेताओं ने चुनाव प्रचार किया। इसके अलावा जनता दल (युनाइटेड) के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वोट मांगे तो राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से लालू प्रसाद, रघुवंश प्रसाद सिंह, राब़डी देवी एवं तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रचार किया तो वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के लिए रामविलास पासवान और उनके पुत्र चिराग पासवान ने जनसभा कर वोट मांगे। दूसरे चरण के मतदान में जिन दिग्गजों के भाग्य का फैसला होने वाला है, उनमें जद (यु) के मंत्री रामनाथ ठाकुर, वरिष्ठ नेता रमई राम, प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, राजद के प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दीकी, पूर्व मंत्री रामचंद्र पूर्वे, पूर्व केंद्रीय मंत्री एम$ ए$ ए$ फातमी के पुत्र फेराज फातमी प्रमुख हैं। परिसीमन के बाद पहली बार होने वाले इस चुनाव में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के लिए कई तरह के एहतियाती कदम उठाए हैं। राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने शुक्रवार को बताया कि प्राय: सभी मतदान केंद्रों पर अर्धसैनिक बल तैनात रहेंगे। राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार माइक्रो आब्जर्वर बूथों पर नजर रखेंगे। उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण में गुरूवार को 47 सीटों के लिए मतदान कराया गया था, जिसमें 54 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।





















