नई दिल्ली। सरकार ने राष्ट्रमंडल खेलों पर आतंकी खतरे की आशंकों से इनकार करते हुए इस संबंध में आ रही खबरों को निराधार बताया।
केन्द्रीय गृह मंत्री पी चिंदबरम ने कहा कि जनता को जाकर बिना किसी भय के खेलों का आनंद उठाना चाहिए। आतंकी संगठन (बिग्रेड 313) की ओर से खेलों के दौरान कोई खतरा उत्पन्न करने की कथित खबरों पर चिंदबरम ने कहा कि इस तरह की खबरें पुरानी जानकारी पर आधारित है। ऎसी खबर निराधार है। उन्होंने अपने मंत्रालय की सितंबर महीने की प्रगति पेश करते हुए यहां पत्रकारों से कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों के सुरक्षा इंतजाम की समीक्षा समय समय पर की जाती है। उन्होंने कहा कि 50 कंपनियों की तैनाती की गई है। इनमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सात, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की छह, केन्द्रीय औद्यागिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की 12 कंपनियां शामिल है। चिदंबरम ने कहा कि सरकार सुरक्षा और तैयारियों को लेकर विस्तृत बयान जारी करेगी और टिकट धारकों, आमंत्रित लोगों तथा आम जनता के फायदे के लिए सुझाव भी जारी करेगी।





















