कोई परिणाम नहीं मिला

No Result Found

भारत समाचार

चिदम्बरम ने घाटी के जमीनी हालात का जायजा लिया

श्रीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम जम्मू एवं कश्मीर के अपने दो दिवसीय दौरे के समापन के मौके पर कश्मीर घाटी में सुरक्षा हालात से निपटने के राज्य सरकार के तरीके पर संतोष जताया। चिदम्बरम रविवार अपराह्न उत्तरी कश्मीर के बारामुला कस्बे में गए और वहां की जमीनी हालात का जायजा लिया।
चिदम्बरम ने बारामुला में कुछ स्थानीय लोगों से बातचीत भी की। बारामुला में चिदम्बरम की यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के क़डे बंदोबस्त किए गए थे। पिछले चार महीनों से कश्मीर में जारी हिंसा में करीब 110 लोग मारे गए हैं। इनमें से अधिकतर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में मारे गए हैं। चिदम्बरम ने बारामुला में डाक बंगले में सुरक्षा अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता भी की। बैठक में राज्य के पुलिस महानिदेशक, कश्मीर के मंडलायुक्त, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, तथा बारामुला, कुपव़ाडा और बांदीपोरा जिलों के जिलाधिकारियों के अलावा जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद थे। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भी बारामुला में चिदम्बरम से मुलाकात की। बाद में चिदम्बरम ने श्रीनगर में वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में अन्य लोगों के अलावा मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी उपस्थित थे।
बैठक में सेना की 15वीं कोर के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल एन.सी.मारवाह, खुफिया विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पुलिस एवं अर्धसैनिक बल के अधिकारी भी मौजूद थे। सूत्रों ने यहां बताया कि चिदम्बरम ने अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार द्वारा कानून-व्यवस्था के हालात से निपटने के तरीके पर संतोष जताया है। उम्मीदों के विपरीत चिदम्बरम ने घाटी में पथराव के लिए गिरफ्तार किए गए युवकों की रिहाई के सम्बंध में कोई घोषणा नहीं की। चिदम्बरम ने बारामुला में संवाददाताओं को बताया, ""मैं राज्य में सुरक्षा और राजनीति के सम्पूर्ण हालात का जायजा लेने आया हूं।
"" विश्वस्त सूत्रों से यह पता चला है कि चिदम्बरम ने घाटी में पथराव के लिए गिरफ्तार किए गए युवकों पर से मामले वापस लेने और उनकी रिहाई का निर्णय मुख्यमंत्री पर छो़ड दिया है। बाद में चिदम्बरम नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
चिदम्बरम, शनिवार को लद्दाख गए थे, जहां उन्होंने अगस्त में बादल फटने से हुई तबाही के बाद पुनर्वास कार्य का जायजा लिया। इस हादसे में 200 से अधिक लोगों की मृत्यु हुई थी। इससे पहले चिदम्बरम अगस्त में सांसदों के एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ कश्मीर गए थे।

अन्य खबरें

ये भी पढ़ें

अन्य खबरें