नई दिल्ली। सीएनजी की कीमतों में 20 फीसदी के इजाफे की संभावना है। इस संबंध में बुधवार को घोषणा की गई कि सार्वजनिक क्षेत्र की दो गैस खनन कंपनियों की बिक्री दर को सरकार ने लगभग दो गुना कर दिया है।
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की एक बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने बताया कि कैबिनेट ने प्राकृतिक गैस की प्रशासित मूल्य व्यवस्था में संशोधन को मंजूरी देते हुए मौजूदा कीमत 3,200 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एमएससीएम) को बढ़ाकर 6818 एमएससीएम कर दिया है। यह बढ़ोतरी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम और ऑयल इंडिया लिमिटेड द्वारा उत्पादन किए जाने वाले प्राकृतिक गैस से संबंधित है। ये ऊर्जा और उवर्रक क्षेत्रों में भारी मात्रा में प्राकृतिक गैस की आपूर्ति करती है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव अपूर्व चंद्रा ने कहा कि इस बढ़ोतरी के परिणाम स्वरूप दिल्ली और मुंबई में उपभोक्ताओं के लिए सीएनजी 20 फीसदी महंगी हो सकती है।





















