नई दिल्ली। दिल्ली में रविवार से शुरू होने जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स पर देशभर की उम्मीदें अपनी पांच महिला खिलाडियों टेनिस परी सानिया मिर्जा, बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल, उनकी साथी खिलाडी ज्वाला गुट्टा, देश की पहली महिला विश्व चैंपियन निशानेबाज तेजस्विनी सावंत और स्क्वैश की नवोदित स्टार दीपिका पल्लीकल पर बहुत कुछ निर्भर होगी।
बैडमिंटन में विश्व की तीसरे नंबर की खिलाडी सायना नेहवाल स्वर्ण पदक की शर्तिया दावेदार है। हाल ही में सायना ने लाजवाब खेल दिखाया है और विश्व रैंकिंग में लगातार सुधार भी किया है। कॉमनवेल्थ गेम्स में मिलने वाली चुनौतियों से भली भांति वाकिफ सायना ने विश्वास व्यक्त किया है कि वह इन खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लिए कोई कसर नहीं छोडेंगी। सायना और ज्वाला गुट्टा को क्रमश: एकल और युगल मुकाबलों में स्वर्ण पदक जीतने का दावेदार माना जा रहा है। सात बार राष्ट्रीय युगल चैंपियन रह चुकी ज्वाला ने तो कहा हैै कि वह देश के लिए कम से कम दो स्वर्ण जरूर झटकेंगी। निशानेबाजी के क्षितिज पर पुरूष वर्चस्व को तोडते हुए अचानक उभरी महिला विश्व चैंपियन तेजस्विनी सावंत से इस बार सबको उम्मीदें बंधी है। टेनिस में हैदराबादी बाला सानिया मिर्जा से पदक की उम्मीद की जा रही है। लंबे समय तक आउट ऑफ फार्म रही सानिया ने हाल में अच्छी वापसी की है। स्क्वैश में दीपिका पल्लीकल ने विश्व चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन कर भारत की उम्मीदें बढाई है। यूरोपीय और एशियाई स्क्वैश रैंकिंग में शीर्ष स्थान पाने वाली पहली भारतीय महिला खिलाडी चेन्नई की दीपिका अपने नाम कई खिताब कर चुकी है।
भारत समाचार
पांच ग्लैमर गर्ल पर टिकी देशभर की उम्मीदें





















