नई दिल्ली। भारत की महिला हॉकी टीम 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के अपने दूसरे मुकाबले में आस्टे्रलिया के हाथों 1-2 से हार गई।
पूल-ए में आस्टे्रलिया की यह दूसरी जीत है जबकि भारतीय टीम की पहली हार। अपने पहले मैच में भारतीय महिलाओं को स्कॉटलैंड के खिलाफ अंक बांटने पर मजबूर होना प़डा था। बहरहाल, भारत के लिए रानी रामपाल ने 68वें मिनट में गोल किया जबकि आस्टे्रलिया की ओर से शैली लिडेलो ने 12वें और मेगान रिवर्स ने 60वें मिनट में गोल किया। इससे पहले इंग्लैंड की महिला हॉकी टीम ने पूल-बी के मुकाबले में कनाडा को 4-1 से पराजित कर दिया। कनाडा ने पेनाल्टी कार्नर के माध्यम से खाता खोला था लेकिन उसके बाद वह एक भी गोल नहीं कर सका। कनाडा के लिए एकमात्र गोल डायना रोमर ने किया। इसके बाद इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की। इंग्लैंड के लिए केट वॉल्श और एलेक्स डैनसन ने दो-दो गोल किए।





















